पंजाब के अनुसूचित जाति आयोग ने बिट्टू को चार जून को तलब किया

पंजाब के अनुसूचित जाति आयोग ने बिट्टू को चार जून को तलब किया

पंजाब के अनुसूचित जाति आयोग ने बिट्टू को चार जून को तलब किया
Modified Date: June 1, 2026 / 04:09 pm IST
Published Date: June 1, 2026 4:09 pm IST

चंडीगढ़, एक जून (भाषा) पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को कथित जातिसूचक टिप्पणी के मामले में चार जून को पेश होने के लिए सोमवार को समन जारी किया।

आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनके संज्ञान में आया कि केंद्रीय रेल राज्यमंत्री बिट्टू ने हाल में धूरी में दौरे के दौरान कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस मामले में संगरूर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई लेकिन आयोग ने पुलिस द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट से असंतोष जाहिर किया है।

बिट्टू ने रविवार को अनुसूचित जाति समुदाय से अपनी आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगी और स्वीकार किया कि एक मंत्री के रूप में उन्हें ऐसे शब्द नहीं कहने चाहिए थे।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि वह पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष माफी मांगने के लिए तैयार हैं।

यह मामला 26 मई की उस घटना से जुड़ा है जब बिट्टू ने धूरी में भाजपा नेता ओंकार सिंह को रिहा करने की मांग को लेकर कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस की थी।

ओंकार सिंह को नगर निकाय चुनावों के लिए प्रचार अवधि खत्म होने के दौरान प्रचार करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था।

रवनीत सिंह बिट्टू पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगा है। ज्ञात हो कि 26 मई को ही नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान हुआ था।

रविवार को अमृतसर में पत्रकारों से बात करते हुए बिट्टू ने खेद व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस पावन नगरी में आया हूं और हाथ जोड़कर अनुसूचित जाति समुदाय के उन सभी सदस्यों से माफी मांगता हूं, जिन्हें ठेस पहुंची है। उस समय परिस्थितियां जो भी रही हों, वह अलग बात है। लेकिन एक मंत्री होने के नाते जो शब्द मेरे मुंह से निकले, उसके लिए मैं क्षमा मांगता हूं। ऐसा नहीं होना चाहिए था।’’

दरअसल, 26 मई की घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया था जिसमें बिट्टू और कुछ पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस होती दिख रही है।

आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बिट्टू की आलोचना करते हुए उन पर ‘‘गुंडागर्दी’’ और धूरी में पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया था।

भाषा

खारी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में