हैदराबाद, 11 फरवरी (भाषा) तेलंगाना सरकार ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) का बुधवार को पुनर्गठन करते हुए इसे तीन नगर निगमों- ग्रेटर हैदराबाद, साइबराबाद और मलकाजगिरि में विभाजित कर दिया है।
सरकार ने दिसंबर 2025 में हैदराबाद के बाहरी क्षेत्रों की 27 नगरपालिकाओं का जीएचएमसी में विलय किया था।
इस विलय के बाद जीएचएमसी एक महानगर के रूप में उभरा और इसका क्षेत्रफल 650 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 2,053 वर्ग किलोमीटर हो गया।
सरकार ने एक आदेश में कहा कि शहर के विस्तार के कारण प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मौजूदा जीएचएमसी का पुनर्गठन तीन निगमों में करने का निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार, साइबराबाद नगर निगम में जीएचएमसी के सेरिलिंगमपल्ली, कुकटपल्ली और कुतुबुल्लापुर जोन शामिल होंगे।
मलकाजगिरि नगर निगम में मलकाजगिरि, एल बी नगर और उप्पल जोन शामिल होंगे।
शेष क्षेत्र शमशाबाद, राजेंद्रनगर, चारमीनार, गोलकोंडा, खैराबाद और सिकंदराबाद जीएचएमसी में रहेंगे।
बुधवार के आदेश के तहत प्रत्येक नगर निगम एक स्वतंत्र नगर निकाय होगा।
इस बीच, सरकार ने आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी जी. श्रीजन और टी. विनय कृष्णा रेड्डी को क्रमशः साइबराबाद और मलकाजगिरि नगर निगमों का आयुक्त नियुक्त किया है।
सरकारी आदेश में कहा गया कि पुनर्गठन के बाद भी आर. वी. कर्णन जीएचएमसी आयुक्त के पद पर बने रहेंगे।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी