कोलकाता, 15 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर निर्वाचन आयोग पर “पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने” का आरोप लगाया और अभिषेक बनर्जी समेत अपने नेताओं को निशाना बनाने वाले “अवैध” निर्देशों के लिए आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी ने 14 अप्रैल की शिकायत में दावा किया कि पुलिस, अन्य पर्यवेक्षकों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारियों को तृणमूल नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के वाहनों को निशाना बनाकर तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं।
सत्तारूढ़ पार्टी ने पुलिस और व्यय पर्यवेक्षकों को भेजे गए कथित व्हॉट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट भी संलग्न करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल की चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधियों व जनसंपर्क कार्यक्रमों को भी निशाना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया, “ऐसा रवैया स्पष्ट रूप से तृणमूल के खिलाफ एक प्रेरित अभियान का संकेत देता है। निर्वाचन आयोग और उसके अधिकारी पूरी तरह से निष्पक्ष नहीं रह गए हैं।”
मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजी गई शिकायत की एक प्रति बुधवार को मीडिया को उपलब्ध कराई गई।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा तथा मतगणना चार मई को होगी।
भाषा
खारी नरेश
नरेश