महिला का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, पुलिस में शिकायत
महिला का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, पुलिस में शिकायत
जयपुर, 17 सितंबर (भाषा) हरिद्वार में हर की पौड़ी में डुबकी लगा रही राजस्थान की एक महिला के वीडियो को कृत्रिम मेधा (एआई) के जरिये संपादित करके आपत्तिजनक वीडियो तैयार करने और फिर इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की है जिसके बाद पुलिस कार्रवाई कर रही है।
महिला का आरोप है कि उसकी सही (शालीन) वीडियो क्लिप को किसी ने एआई की मदद से आपत्तिजनक (अश्लील) बनाकर साझा किया है।
मामला भिवाड़ी की एक महिला का है जो पिछले दिनों हरिद्वार गई थी। उसने हर की पौड़ी में डुबकी लगाने का वीडियो बनाकर साझा किया।
महिला का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने एआई की मदद से इस वीडियो को आपत्तिजनक रूप देकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
भिवाड़ी की पुलिस उपाधीक्षक पल्लवी गुप्ता ने कहा कि महिला ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई है और इस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
महिला ने विभिन्न मंचों से इस वीडियो को हटवाने और इसे बनाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच महिला ने एक अन्य वीडियो में कहा है,‘‘मेरे मूल वीडियो को एआई के जरिये संपादित करके नया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल किया गया है। जिस किसी ने भी ऐसा किया है उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। मैंने इसकी पुलिस में रिपोर्ट की है।’
भाषा पृथ्वी संतोष
संतोष

Facebook


