थियेटर भगदड़ प्रकरण: अदालत ने अल्लू अर्जुन और अन्य को समन जारी किया

Ads

थियेटर भगदड़ प्रकरण: अदालत ने अल्लू अर्जुन और अन्य को समन जारी किया

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 04:16 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 04:16 PM IST

हैदराबाद, 19 जून (भाषा) हैदराबाद की एक अदालत ने यहां संध्या थिएटर में ‘पुष्पा 2’ फिल्म के प्रीमियर के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत से जुड़े मामले में मशहूर तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन और अन्य आरोपियों को 22 जून को पेश होने के लिए समन जारी किया है।

हैदराबाद पुलिस ने 24 दिसंबर को इस मामले में 23 लोगों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था।

आरोपपत्र दाखिल होने के बाद अदालत ने अल्लू अर्जुन समेत सभी 23 आरोपियों को 22 जून को पेश होने के लिए समन जारी किया है।

आरोपपत्र में थिएटर के मालिक, साझेदार, प्रबंधक, ‘लोअर-बाल्कनी इंचार्ज’ और ‘गेटकीपर’ को बतौर आरोपी एक से 10 तक नामजद किया गया है, जबकि अर्जुन 11 वें नंबर के आरोपी बनाये गये हैं।

चार दिसंबर 2024 को थिएटर में ‘पुष्पा 2’ के प्रदर्शन के दौरान मची भगदड़ में 35 वर्षीय एक महिला की मौत हो जाने तथा उसके आठ साल के बेटे के घायल हो जाने के बाद अल्लू अर्जुन को गिरफ़्तार किया गया।

यह भगदड़ तब मची जब ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान प्रशंसक अभिनेता की एक झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए थे।

इस घटना के बाद, मृत महिला के परिवार की शिकायत पर हैदराबाद पुलिस ने चिक्कडपल्ली थाने में अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

इस मामले में अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर, 2024 को गिरफ्तार किया गया था। तेलंगाना उच्च न्यायालय से अंतरिम ज़मानत मिलने के बाद अगले ही दिन उन्हें रिहा कर दिया गया। बाद में उन्हें नियमित ज़मानत मिल गई।

अल्लू अर्जुन और ‘पुष्पा 2’ के निर्माताओं ने उस लड़के के परिवार को आर्थिक मदद दी थी।

तेलंगाना सरकार ने भी परिवार को आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश