चेन्नई, 19 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एमके स्टालिन ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल शुक्रवार को 56 साल के हो गए।
विजय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल को अपना “प्रिय भाई” बताया और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
विजय ने लिखा, “मैं आपके (राहुल गांधी) अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं, क्योंकि आप देश की तरक्की, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और हर वर्ग के लोगों की भलाई के लिए आवाज उठाते रहते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कामना की कि राहुल को भविष्य में उनके सभी कामों में सफलता मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता आगे भी बेहतरीन ढंग से जनता की सेवा करते रहेंगे।
वहीं, स्टालिन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विपक्ष के माननीय नेता श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं।”
कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने चेन्नई के सत्यमूर्ति भवन में प्रदेश अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागाई की अगुवाई में एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित करके राहुल का 56वां जन्मदिन मनाया।
भाषा पारुल संतोष
संतोष