मुर्शिदाबाद के बहरामपुर में मतदान की धीमी गति का कोई स्पष्ट कारण नजर नहीं आता: अधीर रंजन

Ads

मुर्शिदाबाद के बहरामपुर में मतदान की धीमी गति का कोई स्पष्ट कारण नजर नहीं आता: अधीर रंजन

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 09:06 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

बहरामपुर, 23 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मुर्शिदाबाद जिले में उनके बहरामपुर निर्वाचन क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान असामान्य रूप से धीमा रहा, जबकि अन्य हिस्सों में उच्च मतदान हुआ।

चौधरी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र का दौरा किया, जहां कथित तौर पर कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की थी। उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ में कहा कि उन्हें कुछ इलाकों में मतदान में धीमी गति का कोई ठोस कारण नहीं मिल पाया।

बहरामपुर के उम्मीदवार चौधरी ने मतदान के अंतिम समय में कहा, ‘‘लोग अपना वोट नहीं डाल पा रहे हैं। वे तीन से चार घंटे से कतारों में खड़े हैं और इस असहनीय गर्मी में परेशानी का सामना कर रहे हैं। कतारें हर घंटे लंबी होती जा रही हैं और लगभग 400 से 500 लोग इंतजार कर रहे हैं।’’

कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा, “ऐसे समय में जब अधिकांश मतदान केंद्रों पर 80 से 90 प्रतिशत मतदान हो चुका है, मुझे यहां कुछ मतदान केंद्रों पर इस धीमी गति का कोई तर्कसंगत कारण समझ नहीं आ रहा है।”

चौधरी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के सेक्टर अधिकारी ने उनके सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और मतदान केंद्रों के भीतर मतदान कर्मी प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘इसी वजह से लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यहां इस तरह की स्थिति देखकर मुझे आश्चर्य होता है।’’

भाषा राजकुमार माधव

माधव