चेन्नई, 14 मार्च (भाषा) देश की तीन प्रमुख तेल विपणन कंपनियों के राज्य स्तरीय समन्वयक ने शनिवार को कहा कि तमिलनाडु में ईंधन की कोई कमी नहीं है और साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने का आग्रह किया।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक एवं तमिलनाडु और पुडुचेरी के राज्य प्रमुख एम अन्नादुरई ने कहा कि भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) द्वारा संचालित तीनों टर्मिनलों में ‘हाई स्पीड डीजल’ और मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) का पर्याप्त भंडार है, जो अगले नौ दिनों तक चलेगा।
अन्नादुरई ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इसके अलावा, हमें रेलगाड़ियों और पाइपलाइनों के माध्यम से पेट्रोल और डीजल की नियमित आपूर्ति मिल रही है। तमिलनाडु में ईंधन की कोई कमी नहीं है। कृपया घबराएं नहीं। और (ईंधन की कमी के बारे में) अफवाहों पर विश्वास न करें।’’
अन्नादुरई तीनों तेल विपणन कंपनियों (एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल) के लिए राज्य स्तरीय समन्वयक भी हैं।
तमिलनाडु में पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारों की खबरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ईंधन की खपत में काफी वृद्धि हुई है और पिछले कुछ दिनों में मांग में 100 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
अन्नादुरई ने घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को लेकर कहा कि लक्ष्य यह है कि शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक 25 दिनों में और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक 45 दिनों में रिफिल बुकिंग की जा सके।
वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र के मुताबिक अस्पतालों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए उसके बाद स्कूलों और कॉलेजों जैसे शैक्षणिक संस्थानों को, जिनमें छात्रावास भी शामिल हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश