गुजरात की जनता को ‘मूर्ख’ समझने वालों को करारी हार का सामना करना पड़ेगा: उपमुख्यमंत्री संघवी
गुजरात की जनता को 'मूर्ख' समझने वालों को करारी हार का सामना करना पड़ेगा: उपमुख्यमंत्री संघवी
वडोदरा, 12 अप्रैल (भाषा) गुजरात में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को कहा कि राज्य की जनता उन लोगों को निर्णायक रूप से परास्त करेगी, जो उन्हें ‘मूर्ख’ समझते हैं और राज्य से नफरत करते हैं।
संघवी वडोदरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगर निगम चुनाव अभियान की शुरुआत के अवसर पर बोल रहे थे।
संघवी ने कहा, ‘‘जो लोग गुजरात से नफरत करते हैं और यहां के लोगों को मूर्ख समझते हैं, उन्हें हर जिले में जवाब दिया जाएगा और वे लोग पूरी तरह परास्त होंगे।’’
उपमुख्यमंत्री के ये बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस विवादास्पद बयान के एक सप्ताह बाद आए हैं, जिसमें उन्होंने (खरगे ने) गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताया था और दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य की जनता को ‘बेवकूफ’ बना रहे हैं।
वडोदरा नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के अभियान की शुरुआत के अवसर पर, संघवी ने कीर्ति मंदिर परिसर में पार्टी के सभी 76 उम्मीदवारों से मुलाकात की। इस कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने उम्मीदवारों के साथ भाजपा के प्रति निष्ठा की शपथ भी ली।
छब्बीस अप्रैल को 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों, 84 नगरपालिकाओं और अहमदाबाद, सूरत तथा वडोदरा सहित 15 नगर निगमों के लिए चुनाव होंगे।
मतगणना 28 अप्रैल को होनी है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


