असम विधानसभा चुनाव से पहले तीन कांग्रेस विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल

असम विधानसभा चुनाव से पहले तीन कांग्रेस विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल

असम विधानसभा चुनाव से पहले तीन कांग्रेस विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल
Modified Date: March 5, 2026 / 11:19 am IST
Published Date: March 5, 2026 11:19 am IST

गुवाहाटी, पांच मार्च (भाषा) असम में कांग्रेस के तीन विधायक-कमलाख्या डे पुरकायस्थ, शशिकांत दास और बसंत दास- दो अन्य नेताओं के साथ विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में बृहस्पतिवार को शामिल हो गए।

राज्य की भाजपा इकाई के अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा की मौजूदगी में इन सभी नेताओं को यहां एक कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता दिलाई।

कांग्रेस की असम इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा के भाजपा में शामिल होने के कुछ ही दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है।

पुरकायस्थ करीमगंज (उत्तर) का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि शशिकांत और बसंत क्रमशः राहा और मंगलदोई (अनुसूचित जाति) निर्वाचन क्षेत्रों से वर्तमान विधायक हैं।

भाजपा में शामिल हुए दो अन्य नेताओं में कांग्रेस के पूर्व संयुक्त सचिव पार्शा बॉब कालिता और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व महासचिव कंगकन नाथ शामिल हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के करीबी बताए जाने वाले ये तीन विधायक पिछले कुछ वर्षों से खुलकर भाजपा का समर्थन करते रहे हैं और शशिकांत दास ने 2021 में सत्तारूढ़ पार्टी की नीतियों के समर्थन की घोषणा की थी।

कांग्रेस को 22 फरवरी को बोरा के भाजपा में शामिल होने से झटका लगा था, जबकि दो अन्य विधायक अब्दुल राशिद मंडल और शेरमन अली अहमद पिछले महीने रायजोर दल में शामिल हो गए।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में