त्रिपुरा विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र बृहस्पतिवार से

त्रिपुरा विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र बृहस्पतिवार से

त्रिपुरा विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र बृहस्पतिवार से
Modified Date: August 26, 2026 / 03:15 pm IST
Published Date: August 26, 2026 3:15 pm IST

अगरतला, 26 अगस्त (भाषा) त्रिपुरा विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र 27 अगस्त से शुरू होगा। विधानसभा उपाध्यक्ष राम प्रसाद पाल ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पाल ने बताया कि सत्र के दौरान दो-तीन विधेयक पेश किए जाने हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी होगी।

यह मौजूदा कैलेंडर वर्ष में त्रिपुरा विधानसभा की तीसरी बैठक होगी।

पाल ने कहा, “हम हफ्ते भर के सत्र के बजाय छोटा सत्र आयोजित करने के पक्ष में हैं, ताकि सदन का कामकाज प्रभावी ढंग से हो सके। सत्तापक्ष और विपक्ष, दोनों इस पर सहमत हैं। यदि स्थिति की मांग हुई, तो इस कैलेंडर वर्ष में चौथी बैठक भी बुलाई जा सकती है।”

कांग्रेस विधायक बिराजित सिन्हा ने कहा कि पार्टी के विधायक तीन दिवसीय सत्र के दौरान बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर लोगों में व्याप्त नाराजगी, बेरोजगारी और ‘‘बिगड़ती कानून-व्यवस्था’’ समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाएंगे।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकारी नौकरियों के लिए स्थायी निवासी प्रमाणपत्र (पीआरटीसी) की अनिवार्यता खत्म करने के राज्य सरकार के फैसले का मुद्दा भी उठाएगी। इससे राज्य के बाहर के नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार की नौकरियां हासिल करने का रास्ता साफ हो जाएगा। हम अपने युवाओं के हित में ऐसा नहीं होने दे सकते।”

हाल में राज्य मंत्रिमंडल ने पूर्वोत्तर राज्य में सरकारी नौकरियों के लिए पीआरटीसी की अनिवार्यता खत्म करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। सरकार ने यह कदम “उच्च न्यायालय के दृष्टिकोण” के मद्देनजर उठाया था, जिसे लेकर राज्य के बेरोजगार युवाओं में नाराजगी है।

भाषा अमित पारुल

पारुल


लेखक के बारे में