पुलिस-छात्रों के बीच झड़प को लेकर हजारीबाग एवं गिरिडीह जिलों में तीन प्राथमिकी दर्ज, 28 नामजद
पुलिस-छात्रों के बीच झड़प को लेकर हजारीबाग एवं गिरिडीह जिलों में तीन प्राथमिकी दर्ज, 28 नामजद
रांची, 23 अगस्त (भाषा) झारखंड के गिरिडीह और हजारीबाग में नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झड़प के मामले में 28 नामजद और 900 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस के साथ झड़प करने के आरोप में रांची के कोतवाली थाने में 14 नामजद तथा 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज किये जाने के एक दिन बाद ये मामले दर्ज किये गये हैं।
अधिकारियों के अनुसार, गिरिडीह में शुक्रवार और शनिवार को हुई झड़पों के संबंध में नगर थाने में दो प्राथमिकी दर्ज की गईं, जबकि हजारीबाग में सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप में एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई।
झारखंड भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन कर रहे हजारों छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला जलाने के लिए गांधी मैदान में एकत्र हुए थे और इस दौरान प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच झड़प हो गई।
हजारीबाग जिले में कोर्रा थाने में 18 नामजद आरोपियों और 700 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हजारीबाग सदर के पुलिस उपाधीक्षक रूपक कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपियों के खिलाफ 21 अगस्त को सोरेन का पुतला जलाने की कोशिश के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप है।
उन्होंने कहा, “हमने सदर सीओ आशुतोष कुमार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।”
भाषा रंजन शफीक
शफीक

Facebook


