कानपुर में मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत

कानपुर में मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत

कानपुर में मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत
Modified Date: April 16, 2026 / 06:38 pm IST
Published Date: April 16, 2026 6:38 pm IST

कानपुर, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के शिवराजपुर में बृहस्पतिवार को एक मोटरसाइकिल सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उस पर सवार एक किसान और उसके भतीजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित ‘तिलक’ समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और दुबियाना अंडरपास के पास डिवाइडर से टकरा गई।

एक पुलिस अधिकारी ने चश्मदीदों के हवाले से कहा कि मोटरसाइकिल चला रहे किसान को झपकी आ गई, जिससे उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह डिवाइडर से जा टकराया।

अधिकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान किसान विनोद निषाद (45), उसके पड़ोसी रामनारायण निषाद (52) और भतीजे पीयूष (11) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि विनोद की बेटी दीक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

सहायक पुलिस आयुक्त (बिल्हौर) मंजय सिंह ने कहा कि विनोद और रामनारायण बिल्हौर में अपने रिश्तेदार के घर पर आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के बाद एक ही मोटरसाइकिल से कानपुर लौट रहे थे।

सिंह के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर राजमार्ग पर तैनात एंबुलेंस कर्मी पीड़ितों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया।

सिंह ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा

सं जफर पारुल

पारुल


लेखक के बारे में