बोकारो/हजारीबाग, 22 अप्रैल (भाषा) झारखंड के बोकारो और हजारीबाग जिलों में बुधवार शाम हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत चारगी घाटी क्षेत्र में बोकारो को रामगढ़ से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर एक ट्रक और एक टैंकर के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पेटरवार थाने के प्रभारी अधिकारी राजू मुंडा ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पेटरवार के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुंडा ने कहा, ‘एनएच-23 खंड पर एक ट्रक और एक टैंकर के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में ट्रक का चालक ट्रक के बुरी तरह क्षतिग्रस्त अगले हिस्से में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पेटरवार से गोला जा रहा एक ऑटो रिक्शा ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था तभी वह इसकी चपेट में आ गया, जिससे ऑटो रिक्शा चालक रविंद्र करमाली की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘ऑटोरिक्शा के पांच यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें पेटरवार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।’
हजारीबाग में चौपारण पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत दानुआ घाटी में एक कार 30 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘तीनों घायलों में से दो की हालत गंभीर है।’
भाषा
शुभम रंजन
रंजन