अरुणाचल के अपर सियांग में वाहन खाई में गिरा, तीन की मौत, दो घायल

अरुणाचल के अपर सियांग में वाहन खाई में गिरा, तीन की मौत, दो घायल

अरुणाचल के अपर सियांग में वाहन खाई में गिरा, तीन की मौत, दो घायल
Modified Date: June 10, 2026 / 07:53 pm IST
Published Date: June 10, 2026 7:53 pm IST

ईटानगर, 10 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले में बुधवार को भूस्खलन के कारण एक वाहन के करीब 20 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपर सियांग की जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) एनी यांग्फो ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे मिगिंग से लगभग तीन किलोमीटर दूर हुई। पांच लोगों को ले जा रहा यह वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गया और अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिर गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ओत्तु नितिक, उनकी पत्नी बामी नितिक और ओलेक ताली के रूप में हुई है। घायलों -जेसेक जोंगकी और पोनुंग नितिक- का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनमें से जोंगकी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यांग्फो ने बताया कि दुर्घटना के बाद टुटिंग के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) और मिगिंग के क्षेत्राधिकारी (सीओ) की देखरेख में एक संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया गया। घटनास्थल पर भारतीय सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों को तैनात किया गया था।

डीडीएमओ ने कहा, ‘‘दो शवों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि ओत्तु नितिक के शव को निकालने के प्रयास अब भी जारी हैं। उनका शव ढलान पर काफी गहराई में फंसा हुआ है, जिससे अभियान में दिक्कत आ रही है।’’

जिला प्रशासन ने घोषणा की है कि राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) के मानदंडों के अनुसार, आधिकारिक सत्यापन के बाद मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।

अधिकारी ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए भी वित्तीय सहायता दी जाएगी।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में