बवाना में लेंटर ढहने से तीन मजदूर जख्मी
बवाना में लेंटर ढहने से तीन मजदूर जख्मी
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) बाहरी उत्तर दिल्ली के बवाना इलाके में निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को लेंटर गिरने से तीन श्रमिकों जख्मी हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना डीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 में घटी, जहां तहखाने में लेंटर बिछाया जा रहा था। इस प्रक्रिया के दौरान, अचानक ढांचा ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी बावना थाने को दी गई और फोन करने वाले ने बताया कि कुछ मजदूर मलबे के नीचे दब गए हैं और उनमें से एक या दो को बाहर निकाल लिया गया है।
घायलों की पहचान बवाना निवासी मोहम्मद समीद (40) और गोविंद (30) और नरेला के रहने वाले प्रमोद (25) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि प्रमोद गंभीर रूप से घायल है और उसे महाराजा अग्रसेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना में अब तक किसी जान हानि की खबर नहीं है और लेंटर ढहने का सटीक कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘धारा 290 (निर्माण के दौरान लापरवाहीपूर्ण आचरण) और 125(ए) (जानबूझकर या लापरवाही से किए गए ऐसे कार्य जिनसे मानव जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा हो) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और लापरवाही या सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन का पता लगाने के लिए की जांच जारी है।’
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन

Facebook


