कोझिकोड, 23 फरवरी (भाषा) केरल में कोझिकोड के वलियांगडी क्षेत्र में सोमवार को कंक्रीट का एक ‘स्लैब’ गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि यह घटना तब हुई जब जब्बार, अशरफ और बशीर वलियांगडी स्थित एक दुकान में सामान लादने का काम करने के बाद आराम कर रहे थे।
अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की विशेष शाखा से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की चपेट में आए लोग निर्माण कार्य से जुड़ी सामग्री को लादने का काम कर रहे थे। जब वे दुकान की इमारत के सामने आराम करने लगे तो कंक्रीट का एक स्लैब उन पर गिर गया।
अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पतालों में पहुंचाया, लेकिन चोट के कारण उनमें से तीन की मौत हो गई।
पुलिस और कोझिकोड नगर निगम ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
भाषा यासिर नेत्रपाल
नेत्रपाल