झारखंड में 15 लाख के इनामी समेत तीन माओवादी गिरफ्तार, एके-47 और हथियार बरामद

झारखंड में 15 लाख के इनामी समेत तीन माओवादी गिरफ्तार, एके-47 और हथियार बरामद

झारखंड में 15 लाख के इनामी समेत तीन माओवादी गिरफ्तार, एके-47 और हथियार बरामद
Modified Date: August 5, 2026 / 02:46 pm IST
Published Date: August 5, 2026 2:46 pm IST

सरायकेला, पांच अगस्त (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में बुधवार को 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी समेत तीन माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार माओवादियों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की क्षेत्रीय समिति का सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो उर्फ चरण शामिल है, जो पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले का रहने वाला है।

अन्य गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायकेला-खरसावां निवासी एवं प्रतिबंधित संगठन के स्वयंभू उप-जोनल समिति के सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार तथा उसकी पत्नी और उप-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ निपु पहाड़िया उर्फ मीरा के रूप में हुई है। मीना पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की रहने वाली है।

पुलिस के बयान के अनुसार, तीनों को चांडिल अनुमंडल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि मदन महतो पर 15 लाख रुपये, रवि सिंह सरदार पर पांच लाख रुपये और मीना पहाड़िया पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, मदन महतो झारखंड के पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भारतीय न्याय संहिता (पूर्व में भारतीय दंड संहिता), गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), शस्त्र अधिनियम और अन्य कानूनों के तहत दर्ज 41 मामलों में वांछित है।

उन्होंने बताया कि रवि सिंह सरदार के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल में 43 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मीना पहाड़िया झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में दर्ज 18 नक्सल संबंधी मामलों में आरोपी है।

पुलिस के अनुसार, मदन महतो और रवि सिंह सरदार आकाश उर्फ असीम मंडल दस्ते के सदस्य थे। यह दस्ता 11 जुलाई 2018 को एमजीएम थाना क्षेत्र के झाटी पहाड़ी में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल था।

इस मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 193वीं बटालियन के जवान निर्मल घोष शहीद हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार माओवादियों के पास से एक एके-47 राइफल समेत अन्य हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।

भाषा मनीषा धीरज

धीरज


लेखक के बारे में