जम्मू-कश्मीर में करीब 2,700 करोड़ रुपये की तीन बड़ी शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी

जम्मू-कश्मीर में करीब 2,700 करोड़ रुपये की तीन बड़ी शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी

जम्मू-कश्मीर में करीब 2,700 करोड़ रुपये की तीन बड़ी शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी
Modified Date: September 1, 2026 / 05:45 pm IST
Published Date: September 1, 2026 5:45 pm IST

श्रीनगर, एक सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर में केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय उच्चाधिकार प्राप्त संचालन समिति (यूटीएचपीएससी) ने मंगलवार को लगभग 2,700 करोड़ रुपये की तीन प्रमुख शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि आवास एवं शहरी विकास विभाग (एचएंडयूडीडी) द्वारा चिह्नित की गई इन परियोजनाओं में जम्मू की ‘तरंग’ (तवी क्षेत्र पुनरुद्धार एवं हरित विकास), चारदीवारी वाले श्रीनगर के पुराने इलाके (वॉल्ड सिटी) व निगीन लेकफ्रंट पुनरुद्धार और रियासी की ‘कृपा’ (एकीकृत तीर्थ सुविधाओं के माध्यम से कटरा का पुनरुद्धार) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं को इस तरह तैयार किया गया है जिसमें सरकारी निवेश के साथ-साथ बाजार आधारित वित्तपोषण और निजी भागीदारी को जोड़ा जा सके, ताकि आधुनिक, टिकाऊ और आर्थिक रूप से जीवंत शहरी क्षेत्र विकसित किए जा सकें।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में टिकाऊ और निवेश-संचालित शहरी कायाकल्प को गति देने की दिशा में एक बड़े कदम के तहत मुख्य सचिव अटल डुल्लू की अध्यक्षता वाली समिति (यूटीएचपीएससी) ने भारत सरकार के ‘शहरी चुनौती कोष’ (यूसीएफ) के तहत 2,692.58 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित लागत वाली तीन बड़ी शहरी विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

प्रवक्ता ने कहा कि यह मंजूरी बड़े पैमाने पर विकास के लिए अतिरिक्त संस्थागत, नगर निकाय और निजी पूंजी के रास्ते खोलने के साथ-साथ, बदलावकारी शहरी बुनियादी ढांचे के लिए यूसीएफ (शहरी चुनौती कोष) ढांचे का लाभ उठाने के जम्मू-कश्मीर के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण प्रगति है।

भाषा सुमित रंजन

रंजन


लेखक के बारे में