राजकोट (गुजरात), 24 सितंबर (भाषा) गुजरात के राजकोट जिले में एक छोटे बांध में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जित करने के तुरंत बाद पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों की उसमें डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम करीब सात बजे हुई।
एयरपोर्ट पुलिस थाने के निरीक्षक के. पी. तरेटिया ने बताया कि रानपुर गांव का एक परिवार गणेश मूर्ति विसर्जित करने के लिए राजकोट जिले के झियाना गांव के पास एक छोटे बांध पर गया था। उन्होंने बताया कि मूर्ति विसर्जन के बाद परिवार की दो महिलाएं और तीन पुरुष नहाने के लिए बांध के पानी में उतरे थे लेकिन गहरे पानी में जाते ही वे डूबने लगे।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने महिलाओं को तो बचा लिया लेकिन अन्य तीनों को नहीं बचाया जा सका।
तरेटिया के अनुसार, बाद में दमकल विभाग के कर्मियों ने तीनों के शवों को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान धीरूभाई चौहान (50), उनके बेटे नयन चौहान (23) और उनके रिश्तेदार नरेंद्र चौहान (30) के रूप में हुई है।
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि इस संबंध में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश