कोराबारी से 10 लाख रु की रंगदारी मांगने के मामले में नाबालिग समेत तीन पकड़े गए

Ads

कोराबारी से 10 लाख रु की रंगदारी मांगने के मामले में नाबालिग समेत तीन पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 05:15 PM IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रोहिणी के एक कारोबारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि वारदात का मुख्य साजिशकर्ता शिकायतकर्ता की कंपनी में पहले काम करता था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना 29 अगस्त को तब सामने आई जब रोहिणी के सेक्टर 23 के निवासी शिकायतकर्ता को एक मोबाइल नंबर से तीन धमकी भरे कॉल आए।

उन्होंने बताया कि फोन करने वाले ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मांग की और शिकायतकर्ता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। अधिकारी ने बताया कि बातचीत के दौरान आरोपियों ने खुद को नीरज बवाना गिरोह का सदस्य बताया।

शिकायतकर्ता ने 30 अगस्त को बेगमपुर थाने में रंगदारी के प्रयास की सूचना दी।

अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उन्हें 30 और 31 अगस्त को और भी धमकी भरे फोन आए जिसमें आरोपियों ने 10 लाख रुपये की मांग दोहराई।

इसके बाद टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कथित तौर पर रंगदारी की मांग करने वाले व्यक्तियों को रकम लेने के बहाने रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास के इलाके में बुलाया गया।

अधिकारी ने कहा कि इसके बाद मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचे दो लोगों को पकड़ लिया गया और उनकी निशानदेही पर अपराध की साजिश में कथित तौर पर शामिल एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ लिया गया।

आरोपियों की पहचान सूरज (26) और किशन (18) के रूप में हुई है और 15 वर्षीय किशोर को भी हिरासत में लिया गया है।

अधिकारी ने कहा कि सूरज पहले शिकायतकर्ता की कंपनी में काम करता था और उस पर मुख्य साजिशकर्ता होने का संदेह है।

उनके मुताबिक, जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि सूरज पर कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग और जुए के कारण लगभग पांच लाख रुपये का कर्ज हो गया था और उसने अपनी देनदारियों को चुकाने के लिए रंगदारी वसूलने की साजिश रची।

पुलिस को यह भी पता चला कि सूरज और किशन ने बवाना इलाके में कथित तौर पर एक मोबाइल फोन छीना था और बाद में इसका इस्तेमाल रंगदारी की मांग करने के लिए किया।

आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और चोरी के दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश