झारखंड में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत

Ads

झारखंड में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सात वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 07:52 PM IST

चतरा/पलामू (झारखंड), पांच जुलाई (भाषा) झारखंड में 24 घंटे के दौरान अलग-अलग सड़क हादसों में सात साल की एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह चतरा जिले में सिमरिया थाना क्षेत्र में कोयला लदे एक ट्रक ने 40 वर्षीय एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

सिमरिया के क्षेत्राधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान डेल्हो गांव के सहदेव यादव के रूप में हुई है।

कुमार ने बताया कि वह शौच के बाद घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने शव को सड़क पर रखकर सिमरिया-चतरा मुख्य सड़क को अवरूद्ध कर दिया और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।

सड़क जाम के कारण कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील की और सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने सड़क खाली करने से इनकार कर दिया।

एक अन्य घटना में, शनिवार को पलामू जिले में करियाहर गांव के पास एक चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसके कारण सात साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद वाहन जब्त कर लिया गया।

लातेहार जिले में शनिवार को चंपा घाटी में एक वाहन पलट गया, जिसकी वजह से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बेंगलुरु निवासी यशवंत नायक के रूप में हुई है, जो अपने छोटे भाई लोकेश नायक के साथ लिफ्ट के उपकरण लेकर पटना जा रहा था।

भाषा जोहेब सुभाष

सुभाष