मुंबई में शिवसेना कार्यकर्ता और उसके पति पर ‘हमला’

Ads

मुंबई में शिवसेना कार्यकर्ता और उसके पति पर ‘हमला’

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 07:39 PM IST

मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) मुंबई के वाकोला इलाके में शिवसेना की 43 वर्षीय महिला कार्यकर्ता और उसके पति पर पार्टी कार्यालय में विवाद के बाद कथित तौर पर हमला किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात हुई घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

अधिकारी के अनुसार, अश्विनी भोसले ने अपनी शिकायत में कहा कि वह गणेश उत्सव के सिलसिले में वाकोला स्थित शिवसेना की शाखा में गई थीं, तभी आरोपियों ने उनके पति संदीप भोसले को यह कहते हुए अंदर जाने से रोक दिया कि वह पार्टी में किसी पद पर नहीं हैं।

अश्विनी ने आरोप लगाया कि जब वह बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो शाखा प्रमुख संजय तेलहोरे ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, जबकि शिंदे और गावली नाम के दो अन्य लोगों ने उन पर तथा उनके पति पर हमला किया।

अश्विनी ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके पति के सोने के आभूषण भी गायब हो गए।

अधिकारी के मुताबिक, वाकोला पुलिस ने तेलहोरे और दो अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की गरिमा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 79 (महिला की गरिमा भंग करने के इरादे से शब्द, इशारा या कृत्य), 118(1) (खतरनाक हथियार या साधन से जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

अधिकारी ने बताया कि तेलहोरे की शिकायत पर अश्विनी और उनके पति के खिलाफ भी झड़प के दौरान दूसरे पक्ष पर हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा

राखी पारुल

पारुल