कोच्चि, चार जुलाई (भाषा) केरल के कोच्चि में स्थित त्रिपुनितुरा ‘आर्म्ड रिजर्व कैंप’ में ड्यूटी के दौरान शराब पीने के आरोप में तीन सिविल पुलिस अधिकारियों (सीपीओ) को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह मामला शुक्रवार सुबह तब सामने आया जब वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली कि कुछ कर्मी ड्यूटी के दौरान शराब पी रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कैंप में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दो सीपीओ ने कथित रूप से शराब पी थी, एक अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद था लेकिन उसने इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी।
अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिसकर्मियों को देखते ही एक पुलिसकर्मी कैंप से फरार हो गया, उसने कथित तौर पर शराब पी थी।
पुलिस ने बताया कि बाद में श्वास जांच में एक अन्य अधिकारी के शराब पीने की पुष्टि हुई।
शुक्रवार शाम को कैंप कमांडेंट ने मामले की आंतरिक जांच के आदेश दिए और तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आर्म्ड रिजर्व कैंप में शराब पीने पर सख्त प्रतिबंध है।
भाषा शोभना रंजन
रंजन