नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के पूर्वानूमान के बीच शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 0.9 डिग्री अधिक था।
वहीं, शनिवार को अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पालम में न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 1.2 डिग्री ज़्यादा था। वहीं, लोधी रोड पर यह 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के तापमान से 0.6 डिग्री ज़्यादा था।
इसके अलावा रिज और अयानगर में यह क्रमशः 26.3 डिग्री और 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के तापमान से 1.8 डिग्री कम था।
मौसम विभाग ने दिन भर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद जताई है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है तथा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं।’
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में शनिवार सुबह आठ बजे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 122 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन