तीन साल की बच्ची से बलात्कार का मामला: आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह करेंगे संधू से मुलाकात
तीन साल की बच्ची से बलात्कार का मामला: आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह करेंगे संधू से मुलाकात
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह जनकपुरी के एक निजी स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ हुए कथित बलात्कार के मामले पर चर्चा करने और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात का समय मांगेंगे।
सिंह ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि वह उपराज्यपाल को पत्र लिखकर बैठक के लिए समय मांगेंगे और उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल बच्ची के लिए न्याय सुनिश्चित करने और मामले में जवाबदेही तय करने के उपायों पर चर्चा करना चाहता है।
सिंह ने कहा कि अगर उपराज्यपाल मुलाकात के लिए वक्त नहीं देते हैं, तो पार्टी आगे की कार्रवाई तय करेगी।
सिंह का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने एक दिन पहले महिला पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राज निवास के बाहर इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया था।
बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया और कहा कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई थी।
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बच्ची के लिए न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ ‘अमानवीय व्यवहार’ किया गया।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि राज निवास के पास उच्च सुरक्षा क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण उपायों के तहत प्रदर्शनकारियों को हटाया गया।
यह मामला दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक निजी स्कूल में एक मई को तीन साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर किए गए बलात्कार से संबंधित है।
घटना के बाद स्कूल के 57 वर्षीय केयरटेकर को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अभियोजन पक्ष के कड़े विरोध के बावजूद दिल्ली की एक अदालत ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया था। पुलिस ने कहा था कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


