अगरतला में शुक्रवार को होगी तिप्रा मोथा की बड़ी सभा
अगरतला में शुक्रवार को होगी तिप्रा मोथा की बड़ी सभा
अगरतला, 11 नवंबर (भाषा) क्षेत्रीय दल तिप्रा मोथा पृथक राज्य के रूप में ‘ग्रेटर तिप्रालैंड’ की अपनी मांग पर जोर देने के लिए शुक्रवार को यहां विवेकानंद मैदान में एक बड़ी सभा आयोजित करेगा। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पार्टी के संस्थापक प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा और अध्यक्ष बिजॉय कुमार हरंगखाल सभा को संबोधित करेंगे।
देबबर्मा ने बुधवार को पत्रकारों से कहा था कि त्रिपुरा के लोग लंबे समय से चली आ रही अपनी मांग के बारे में ‘दिल्ली के लोगों’ को याद दिलाना चाहेंगे।
उन्होंने कहा था, ‘दिल्ली के लोगों को अपनी संवैधानिक मांगों से अवगत कराने के लिए तिप्रसा के लोग बड़ी संख्या में विवेकानंद मैदान में इकट्ठा होंगे। अगरतला में कोई जुलूस या नारेबाजी नहीं होगी, सिर्फ एक सामूहिक सभा होगी।’
पूर्ववर्ती राजपरिवार के वंशज ने कहा, ‘दिल्ली को ध्यान देना होगा और हमारी आवाज को स्वीकार करना होगा।’
तिप्राहा इंडीजीनस प्रोग्रेसिव एलायंस (तिप्रा) की स्थापना 2021 में हुई थी और यह त्रिपुरा के मूल लोगों के लिए ‘ग्रेटर तिप्रालैंड’ के रूप में एक अलग राज्य की मांग कर रहा है।
पार्टी ने पिछले साल एक शानदार चुनावी शुरुआत करते हुए त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद चुनाव में 28 में से 16 सीट पर जीत हासिल की थी।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


