टीएमसी विधायकों ने बजट परियोजनाओं के लिए धन आवंटन को अपर्याप्त बताया

टीएमसी विधायकों ने बजट परियोजनाओं के लिए धन आवंटन को अपर्याप्त बताया

टीएमसी विधायकों ने बजट परियोजनाओं के लिए धन आवंटन को अपर्याप्त बताया
Modified Date: June 24, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: June 24, 2026 8:29 pm IST

कोलकाता, 24 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक कुणाल घोष ने पश्चिम बंगाल के बजट में की गई कई घोषणाओं का बुधवार को स्वागत किया जिनमें भर्ती और कर्मचारियों एवं अनुबंध पर काम करने वालों के वेतन बढ़ाने के प्रस्ताव शामिल हैं। उन्होंने इन योजनाओं के लिए कोष के स्रोत के बारे में स्पष्ट जानकारी भी मांगी।

बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए घोष ने कहा कि टीएमसी का मानना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार को कामकाज को पटरी पर लाने के लिए कुछ समय दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता की लोगों को राहत देने और नए रोजगार सृजित करने की योजना का पूरी तरह समर्थन करता हूं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इन योजनाओं के लिए धन दिल्ली से आएगा या राज्य के भीतर ही संसाधन जुटाए जाएंगे।’’

घोष ने कहा कि दासगुप्ता के बजट भाषण में बार-बार केंद्र सरकार का ज़िक्र किया गया और यह बात दोहराई गई कि दिल्ली पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बंगाल बेहतर है।

ममता बनर्जी समर्थक गुट से जुड़े टीएमसी विधायक ने कहा, ‘‘यदि बजट प्रस्तावों में आय के स्रोत और राजस्व अर्जन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई होती, तो घोषित विभिन्न परियोजनाओं के वित्तपोषण को लेकर सवाल नहीं उठते।’’

वित्त मंत्री दासगुप्ता ने मध्यम अवधि के वित्तीय नीति वक्तव्य और राजकोषीय नीति के संबंध में बयान पेश किया, जिसके बाद बजट पर चर्चा शुरू हुई।

टीएमसी विधायक समीर जाना ने कई कल्याणकारी और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का स्वागत किया लेकिन कहा कि कुछ योजनाओं के लिए किए गए बजट प्रावधान अपर्याप्त प्रतीत होते हैं।

पाथरप्रतिमा से विधायक जाना ने कहा कि 22 जून को प्रस्तुत बजट में घोषित कई परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिक वित्तीय आवंटन की आवश्यकता है।

उन्होंने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 20 प्रतिशत बढ़ाने के बीजेपी सरकार के फैसले का भी स्वागत किया।

जाना ने कहा, ‘‘सरकार ने कई बड़ी और महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। हमें उम्मीद है कि केंद्र सरकार बजट में प्रस्तावित आधारभूत परियोजनाओं को लागू करने के लिए ज़रूरी आर्थिक मदद देगी।’’

चर्चा में हिस्सा लेते हुए भाजपा विधायक हिरण्मय चट्टोपाध्याय ने कहा कि बजट सिर्फ़ एक वित्तीय दस्तावेज़ नहीं, बल्कि राज्य के आर्थिक पुनरुद्धार का खाका है।

चट्टोपाध्याय ने दावा किया कि पिछली सरकार के समय औद्योगिक विकास पर बुरा असर पड़ा था। उन्होंने कहा कि टीएमसी के शासनकाल में एक दशक से ज़्यादा समय तक हावड़ा और हल्दिया, दुर्गापुर व खड़गपुर जैसे औद्योगिक केंद्रों में लगातार गिरावट देखी गई।

चांचल से भाजपा विधायक प्रसून बनर्जी ने कहा कि बजट में राज्य के विकास को गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण उपाय शामिल हैं।

खड़गपुर सदर से टीएमसी विधायक दिनेन रॉय ने उत्तर बंगाल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और अन्य मेडिकल एवं शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने की घोषणा के लिए राज्य सरकार की सराहना की।

भाषा आशीष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में