कोलकाता, 18 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के बक्खाली-फ्रेजरगंज क्षेत्र से कथित तौर पर हथियार रखने के आरोप में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के ‘फरार’ विधायक दिलीप मंडल के बेटे को पांच अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस और डायमंड हार्बर जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात उन्हें पकड़ा।
अधिकारी ने बताया, “आर्घ्य मंडल और अन्य लोगों के पास से हथियार बरामद हुए। ऑपरेशन के दौरान दो पिस्तौल और छह मोबाइल फोन जब्त किए गए।”
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को पूछताछ के लिए डायमंड हार्बर पुलिस थाना लाया गया।
अधिकारी ने यह भी बताया कि अर्घ्य मंडल कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमका रहा था।
पुलिस ने बताया कि बिष्णुपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले तृणमूल कांग्रेस के विधायक दिलीप मंडल ‘फरार’ हैं और उन्हें ढूंढने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
इससे पहले उन पर राजनीतिक विरोधियों को धमकाने के आरोप लगे थे, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने 14 मई को पायलान इलाके में विधायक के दो घरों पर छापेमारी की थी।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा