कोलकाता, 13 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि पार्टी नेता राहुल गांधी की 14 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में होने वाली रैली के लिए तैयार किया जा रहे हेलीपैड पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की। पार्टी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
तृणमूल कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने खुद यह काम किया है ताकि सत्तारूढ़ पार्टी की छवि खराब की जा सके।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हेलीपैड की मरम्मत युद्ध स्तर पर की जा रही है ताकि मंगलवार को दोपहर 12 बजे स्टेडियम ग्राउंड में गांधी की रैली योजना के अनुसार आयोजित की जा सके।
कांग्रेस नेता और रायगंज से उम्मीदवार मोहित सेनगुप्ता ने आरोप लगाया कि यात्रा को बाधित करने के लिए जानबूझकर ऐसा किया गया।
सेनगुप्ता ने संपर्क करने पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हेलीपैड पर रविवार को तोड़फोड़ की गई। हमारे पास विशिष्ट जानकारी है कि टीएमसी कार्यकर्ता इस मामले में शामिल हैं। यह राहुल गांधी के कार्यक्रम को रोकने की कोशिश है।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी ने इस मामले को प्रशासन के सामने उठाया है और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा, “हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसे घटनाएं दोबारा न हों और पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए।”
सेनगुप्ता के समर्थन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे।
टीएमसी ने हालांकि कांग्रेस के आरोपों का खंडन किया।
रायगंज टाउन के टीएमसी अध्यक्ष शिवशंकर राय ने कहा, “कांग्रेस ने खुद हेलीपैड को तोड़ा है और अब हमारे कार्यकर्ताओं पर आरोप लगा रही है। यह झूठा आरोप है।”
राहुल गांधी मंगलवार को मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में भी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत