आज पूरी दुनिया की निगाहें भारत की तरफ: जनरल वीके सिंह

Ads

आज पूरी दुनिया की निगाहें भारत की तरफ: जनरल वीके सिंह

  •  
  • Publish Date - April 13, 2024 / 04:13 PM IST,
    Updated On - April 13, 2024 / 04:13 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

जयपुर, 13 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के. सिंह ने देश की आर्थिक वृद्धि दर का जिक्र करते हुए शनिवार को कहा कि आज पूरी दुनिया की निगाहें भारत की तरफ हैं।

वह जयपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।

देश की आर्थिक वृद्धि दर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा,‘‘हमारी आर्थिक गति 6.8 प्रतिशत के हिसाब से बढ़ रही है और इसके आसपास दुनिया का कोई देश नहीं है। अमेरिका भी तीन (प्रतिशत) के करीब है चीन तीन (प्रतिशत) से थोड़ा ऊपर है, इसलिए पूरे विश्व की निगाहें भारत की तरफ हैं और ये तभी संभव हुआ जब एक मजबूत सरकार केंद्र में है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘ एक अच्छा नेतृत्व केंद्र में है। और एक ऐसा प्रधानमंत्री है जो सब चीजों पर ध्यान देता है और उसमें व्यक्तिगत तौर पर पूरा समय देता है ताकि देश एक अच्छे रास्ते के ऊपर चल पड़े।’’

केंद्र में भाजपा नीत सरकार के दस साल के कार्यकाल में बुनियादी ढांचा क्षेत्र में हुए विकास का जिक्र करते हुए सड़क सुरक्षा एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि ‘‘जहां तक राष्ट्रीय राजमार्ग का सवाल है तो देश में साल 2014 तक नब्बे हजार किलोमीटर सड़कें थीं। अब तकरीबन 1.60 लाख किलोमीटर की सड़के हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘देश में 2014 तक 74 हवाई अड्डे थे आज 144 है। और भी बन रहे हैं और हमारी कोशिश है कि आने वाले समय में यह संख्या 200 तक जल्दी पहुंचे।’’

स्टार्टअप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा,‘‘युवा वर्ग के लिए बहुत काम हुआ है। उनको अवसर देने वाली बात है… वो है स्टार्टअप का एक इकोसिस्टम बनाना। 2015 में हमारे पास सिर्फ 415 स्टार्टअप थे। आज यूनिकॉर्न की संख्या के लिहाज से हम पूरी दुनिया में तीसरे नंबर पर हैं। स्टार्टअप की संख्या के लिहाज से हम दुनिया में दूसरे नंबर पर हैं। रोज नए बनने वाले स्टार्टअप की संख्या के लिहाज से हम दुनिया में नंबर एक हैं।’

उन्होंने कहा,‘‘आज युवा को मौका मिल रहा है कि अपनी प्रतिभा को स्टार्टअप में लगाकर अपने दिमाग से अपनी कमाई कर सके और ये जब एक बार सिस्टम बन जाता है तो देश पनपना शुरू होता है।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में ये सब चीजें भारत को उस स्थान पर खड़ा करेंगी जहां पर वह विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में गिना जाएगा।

भाषा पृथ्वी

धीरज

धीरज