लद्दाख में आठ महीनों में पर्यटकों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ी

लद्दाख में आठ महीनों में पर्यटकों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ी

लद्दाख में आठ महीनों में पर्यटकों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ी
Modified Date: September 9, 2026 / 01:50 pm IST
Published Date: September 9, 2026 1:50 pm IST

लेह, नौ सितंबर (भाषा) केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पर्यटन में अभूतपूर्व तेजी देखने को मिल रही है। वर्ष 2026 के पहले आठ महीनों में ही यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या 2025 में आए कुल पर्यटकों की खंख्या से अधिक हो गई है।

नवीनतम पर्यटन आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2025 के बीच लद्दाख में 2.69 लाख पर्यटक आए थे, जबकि जनवरी से अगस्त 2026 के दौरान यह संख्या बढ़कर 4.05 लाख हो गई। यह 50.37 प्रतिशत की वृद्धि है।

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की ओर से उनके आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 2026 के केवल आठ महीनों में लद्दाख में पर्यटकों की संख्या पूरे 2025 में दर्ज 3.35 लाख के आंकड़े से 20.61 प्रतिशत अधिक हो गई है।

अगस्त में पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा हुआ। अगस्त 2025 में कुल पर्यटक आगमन 45,201 था, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 74,753 हो गया। यह 65.38 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है।

पर्यटन में यह तेजी केंद्र शासित प्रदेश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की बढ़ती संख्या में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। जनवरी से अगस्त 2025 के बीच लद्दाख में 25,082 विदेशी पर्यटक आए थे, जबकि 2026 की इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 33,346 हो गई। इस तरह साल-दर-साल 32.95 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘ पर्यटन में साल-दर-साल यह वृद्धि घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए केंद्र सरकार के लगातार प्रयासों के साथ-साथ लद्दाख में पर्यटन-अनुकूल नीतिगत ढांचे का प्रमाण है।’’

सक्सेना ने केंद्र शासित प्रदेश में टिकाऊ, जिम्मेदार और पूरे साल चलने वाली पर्यटन अर्थव्यवस्था विकसित करने की प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा, ‘‘ऑफ-सीजन त्योहारों और कार्यक्रमों को बढ़ावा देकर हम स्थानीय युवाओं, कलाकारों और होमस्टे संचालकों के लिए लगातार आजीविका के अवसर पैदा कर रहे हैं। साथ ही पर्यटकों को शांतिपूर्ण, कम भीड़भाड़ वाला और किफायती अनुभव उपलब्ध करा रहे हैं।’’

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में