जयपुर, आठ सितंबर (भाषा) आमेर किले के पास चाकूबाजी की घटना में घायल हुए 40 वर्षीय पर्यटक गाइड की मंगलवार सुबह जयपुर के अस्पताल में मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में आमेर बाजार में दुकानें बंद कर दीं।
पुलिस ने बताया कि आमेर के रहने वाले पर्यटक गाइड मनीष कुमार सोनी सोमवार को मावठा के पास खड़े थे, तभी एक निजी कार में आए कुछ पर्यटकों ने उनसे आमेर किले का रास्ता पूछा।
पुलिस के मुताबिक, पास में ही खड़े जीप चालक आजम ने इन पर्यटकों से कहा कि निजी कार को किले तक जाने की अनुमति नहीं है। उसने पर्यटकों को उसकी जीप में जाने की सलाह दी। हालांकि, सोनी के रास्ता बताने बाद वे अपनी कार से किले की ओर बढ़ गए।
पुलिस के अनुसार, इस बात को लेकर आजम और सोनी के बीच बहस हो गई।
आमेर के थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि बहस के दौरान आजम ने कथित तौर पर चाकू निकाला और सोनी के पेट में घोंप दिया।
उन्होंने बताया कि सोनी को तुरंत एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया और मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने आजम को पकड़ लिया।
सोनी की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने आमेर में विरोध-प्रदर्शन किया और बाजार बंद करा दिया।
गोदारा ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करा दिया गया है और परिवार के सदस्य पोस्टमार्टम के लिए सहमत हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के सदस्यों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा
पृथ्वी पारुल
पारुल