नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) मध्य दिल्ली के पहाड़गंज में मंगलवार को कमल टी प्वाइंट और लिबर्टी सिनेमा के बीच न्यू रोहतक रोड पर चल रहे भूमिगत केबलिंग रखरखाव कार्य के कारण यातायात प्रभावित रहेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, इस मार्ग पर दो लेन बंद कर दी गई हैं, जिससे दोपहर दो बजे से रात 11 बजे के बीच यातायात जाम और धीमी गति के आसार हैं।
आनंद पर्वत पर टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) द्वारा किए जा रहे इस कार्य से शहर के मध्य भाग की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
प्राधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित समय के दौरान प्रभावित मार्ग से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। पहाड़गंज या नयी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को कमल टी पॉइंट से सराय रोहिल्ला की ओर बाएं मुड़ने, फिर वीर बंदा बैरागी मार्ग पर दाएं मुड़ने और रानी झांसी मार्ग से आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।
शास्त्री नगर चौक से लिबर्टी सिनेमा की ओर आने वालों को स्वामी नारायण मार्ग से बचने और सुगम यात्रा के लिए रानी झांसी मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
भाषा
राखी माधव
माधव