भाजपा के प्रदर्शन के कारण जनपथ के पास यातायात बाधित रहने की आशंका: दिल्ली पुलिस

Ads

भाजपा के प्रदर्शन के कारण जनपथ के पास यातायात बाधित रहने की आशंका: दिल्ली पुलिस

  •  
  • Publish Date - February 21, 2023 / 01:19 PM IST,
    Updated On - February 21, 2023 / 01:19 PM IST

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) लुटियंस दिल्ली में जनपथ के पास भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध प्रदर्शन के कारण मंगलवार को लगभग चार घंटे तक यातायात बाधित रहने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता के संबंध में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने यहां कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के आवास के पास प्रदर्शन करने की योजना बनाई है।

खेड़ा ने हाल में प्रधानमंत्री को ‘‘नरेन्द्र गौतमदास मोदी’’ कहा था। उन्होंने उद्योगपति गौतम अडाणी के समूह से जुड़े विवाद को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए यह बयान दिया था। प्रधानमंत्री मोदी का पूरा नाम नरेंद्र दामोदरदास मोदी है। दामोदरदास उनके पिता का नाम है। देश के अनेक हिस्सों में मुख्य नाम और उपनाम के बीच में पिता के नाम को रखने की परंपरा है।

दिल्ली पुलिस ने यात्रियों के लिए जारी परामर्श ट्वीट करते हुए कहा, ‘‘आज अपराह्न एक बजे से शाम पांच बजे तक जनपथ पर यातायात अधिक रह सकता है। यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।’’

भाषा सिम्मी प्रशांत

प्रशांत