तृणमूल ने किया नंदीग्राम में लोगों पर केंद्रीय बलों के हमले का दावा, निर्वाचन आयोग का इनकार
तृणमूल ने किया नंदीग्राम में लोगों पर केंद्रीय बलों के हमले का दावा, निर्वाचन आयोग का इनकार
कोलकाता, 22 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में केंद्रीय बलों के जवानों ने स्थानीय लोगों पर अत्यधिक बल का प्रयोग किया।
हालांकि, निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि शिकायत की जांच की गई, लेकिन ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई।
तृणमूल ने आरोप लगाया कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए तैनात सीआरपीएफ कर्मियों ने 21 अप्रैल को बिना किसी उकसावे के स्थानीय लोगों पर हमला करके ‘अपने पद का घोर दुरुपयोग’ किया, जिसके परिणामस्वरूप लोगों को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पार्टी ने शिकायत के साथ घायल व्यक्तियों की कथित तस्वीरें भी जमा कीं।
नंदीग्राम में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जहां से विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। तृणमूल ने इस सीट से पबित्रा कर को उम्मीदवार बनाया है।
शुभेंदु भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जहां 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होगा।
तृणमूल ने आरोप लगाया कि नंदीग्राम में केंद्रीय बलों की कार्रवाई निर्वाचन आयोग के चुनाव के दौरान बल तैनाती संबंधी नियमावली के प्रावधानों का ‘प्रत्यक्ष और घोर उल्लंघन’ है।
शिकायत में कहा गया है, ‘शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए तैनात बल ही आक्रामक हो गए हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास कम हो रहा है।’
भाषा राखी मनीषा
मनीषा

Facebook


