तृणमूल ने ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों को लेकर दो विधायकों को निष्कासित किया
तृणमूल ने ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों को लेकर दो विधायकों को निष्कासित किया
कोलकाता, एक जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर अपने दो विधायकों संदीपन साहा और रीताब्रता बनर्जी को सोमवार को निष्कासित कर दिया।
इस निष्कासन आदेश से कुछ ही मिनट पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा था कि राज्य विधानसभा में ‘फर्जी हस्ताक्षर’ मामले के संबंध में शिकायतें इन दोनों विधायकों ने दर्ज कराई थीं। यह मामला तृणमूल कांग्रेस द्वारा शोभनदेब चट्टोपाध्याय को विपक्ष के नेता के रूप में समर्थन दिए जाने के पत्र से जुड़ा है।
दोनों विधायकों को भेजे गए पत्र में कहा गया है, ‘‘अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) के संज्ञान में सक्षम प्राधिकारी के माध्यम से यह बात लाई गई है कि एआईटीसी द्वारा नामित उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित होने के बावजूद आप पार्टी के अधिकृत नेतृत्व द्वारा बुलाई गई बैठकों में शामिल होने में बार-बार विफल रहे हैं और आपने खुद को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल किया है।’’
पार्टी उपाध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में कहा गया, ‘‘यह भी पाया गया है कि आप ऐसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं और आपने ऐसे बयान दिए हैं, जो तृणमूल कांग्रेस के हितों के प्रतिकूल हैं।’’
पत्र में कहा गया है कि मामले पर समुचित विचार-विमर्श करने के बाद तृणमूल कांग्रेस के सक्षम प्राधिकारी ने आपको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित करने का फैसला किया है।
भाषा सिम्मी दिलीप
दिलीप

Facebook


