तृणमूल सरकार ने बंगाल के लोगों के भूमि अधिकार छीन कर घुसपैठियों को दे दिए: नितिन नवीन
तृणमूल सरकार ने बंगाल के लोगों के भूमि अधिकार छीन कर घुसपैठियों को दे दिए: नितिन नवीन
अलीपुरद्वार (पश्चिम बंगाल), आठ अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों की जमीन छीनकर घुसपैठियों को दे दी, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी बदल गई।
उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की ‘‘डबल इंजन’’ सरकार बनने पर, वह जनसांख्यिकीय परिवर्तनों को ठीक करेगी और बांग्लादेशी घुसपैठियों को राज्य से बाहर निकाल देगी।
नवीन ने कहा, ‘‘ममता बनर्जी सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों के भूमि अधिकार छीनकर उन्हें घुसपैठियों को दे दिया है, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी बदल गई है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति और अराजकता के कारण बंगाल के निवासी राज्य छोड़ने के लिए ‘‘मजबूर’’ हो रहे हैं।
उन्होंने तृणमूल सरकार पर राज्य के लोगों को पलायन के लिए मजबूर करने और बांग्लादेशी घुसपैठियों को बंगाल में बसने में मदद करने का आरोप लगाया।
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल में एक खास जगह रखता है और कहा, ‘‘बंगाल में विकास की रफ्तार धीमी हो गई है। तृणमूल सरकार ने राज्य की पहचान और जनसंख्या को ही बदल डाला है।’’
नवीन ने आरोप लगाया, ‘‘पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी और अब तृणमूल। जो राज्य कभी उद्योगों से लेकर संस्कृति तक, हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करता था, वह अब अंधकार में है।’’
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


