तृणमूल विधायक सेउली साहा का स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विरोध

Ads

तृणमूल विधायक सेउली साहा का स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विरोध

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 05:06 PM IST

केशपुर, 11 अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की विधायक सेउली साहा को मंगलवार को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा जब वह स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को उनकी पुण्यतिथि पर उनके पैतृक आवास पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के मोहबनी में श्रद्धांजलि देने गईं।

साहा इस साल हुए राज्य विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर केशपुर सीट से निर्वाचित हुई हैं। उन्हें ऋतब्रत बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट ने विधानसभा में विपक्ष का उप-नेता नामित किया है।

स्थानीय लोगों के एक गुट ने विधायक के खिलाफ ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए। इसकी वजह से साहा को उस मंच से दूर रहना पड़ा जो कार्यक्रम स्थल पर विशेष अतिथियों के लिए बनाया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे और उन्होंने लोगों को संबोधित किया।

शुभेंदु अधिकारी के आने से पहले ही साहा मोहाबोनी पहुंच गई थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वहां मौजूद लोगों में से कुछ लोग साहा को देखकर खड़े हो गए और उनके खिलाफ नारे लगाने लगे।

वहां मौजूद लोगों में से एक महिला ने आरोप लगाया कि साहा ने स्थानीय लोगों को ‘परेशान’ और उनका ‘उत्पीड़न’ किया था। उसने साहा पर अपने पति पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार होने का भी आरोप लगाया, जिसके कारण उसका पति अशक्त हो गया है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगभग एक दशक तक विधायक रहने के बावजूद, साहा केशपुर में विकास कार्य करने में नाकाम रही हैं और खुदीराम बोस के पैतृक घर को संरक्षित करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं।

इसके बाद साहा बांकुड़ा के लिए रवाना हो गईं ताकि वह मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दिन में बाद में होने वाली ‘पश्चिमांचल उन्नयन परिषद’ की बैठक में शामिल हो सकें।

इस साल जून में, साहा ने कोलाघाट में शुभेंदु अधिकारी के साथ एक प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में उन्होंने ममता बनर्जी सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय प्रशासनिक बैठकों में उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया था।

भाषा धीरज नरेश

नरेश