कांग्रेस का तंज: ज्ञानेश कुमार को अमेरिका ले जाएं ट्रंप, ईवीएम भी भिजवा देंगे
कांग्रेस का तंज: ज्ञानेश कुमार को अमेरिका ले जाएं ट्रंप, ईवीएम भी भिजवा देंगे
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय चुनाव प्रणाली की तारीफ किए जाने पर मंगलवार को तंज कसते हुए कहा कि उन्हें ज्ञानेश कुमार को अमेरिका ले जाना चाहिए।
अमेरिका में कड़े चुनावी कानूनों की पैरवी करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय चुनाव प्रणाली की सराहना की और कहा कि भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अमेरिकी चुनावों में मतदाता की पहचान की कमी को लेकर सवाल उठाया है।
ट्रंप ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत में हाल में हुए आम चुनावों में 64.6 करोड़ से अधिक लोगों ने मतदान किया और एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक मतपत्र के जरिए मतदान किया।
ट्रंप की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रिय डोनाल्ड ट्रंप, कृपया ज्ञानेश कुमार गुप्ता को अमेरिका ले जाइए। और उन्हें वहीं रखिए। हम अपने ईवीएम भी अगली उपलब्ध उड़ान से भेज देंगे।’’
खेड़ा ने कहा, ‘‘आपने हमारा (देश का) जितना अपमान किया और धमकियां दीं, उसके लिए हम आपके लिए इतना तो कर ही सकते हैं। भारत की ओर से ‘एसआईआर विद लव’।’’
भाषा हक पवनेश
पवनेश

Facebook


