केरल में ईरानी जहाज की तस्वीरें लेने के आरोप में टीवी रिपोर्टर और कैमरामैन गिरफ्तार

Ads

केरल में ईरानी जहाज की तस्वीरें लेने के आरोप में टीवी रिपोर्टर और कैमरामैन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 7, 2026 / 07:50 PM IST,
    Updated On - March 7, 2026 / 07:50 PM IST

कोच्चि, सात मार्च (भाषा) पुलिस ने कोचीन बंदरगाह के उच्च सुरक्षा क्षेत्र में घुसपैठ करने और एक ईरानी जहाज की तस्वीरें लेने के आरोप में शनिवार को दो मीडियाकर्मियों और एक नाव चालक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने उस ईरानी जहाज की तस्वीरें लीं जो भारत सरकार के राजनयिक निर्णय के तहत यहां लंगर डाले हुए है।

बंदरगाह पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर एक प्रमुख टीवी चैनल के रिपोर्टर, उसके कैमरामैन और एक ‘स्पीड बोट’ चालक को गिरफ्तार किया।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपियों ने सुबह लगभग 7:50 बजे विलिंगटन द्वीप स्थित कोचीन बंदरगाह के उच्च सुरक्षा क्षेत्र में अवैध रूप से घुसपैठ की। आरोपियों ने इन दृश्यों को प्रसारित करने का प्रयास किया, जिनसे देश, विशेष रूप से राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आधिकारिक गोपनीयता कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश