देशभर में साइबर ठगी की 12 शिकायतों से जुड़े दो अफ्रीकी नागरिकों को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया

Ads

देशभर में साइबर ठगी की 12 शिकायतों से जुड़े दो अफ्रीकी नागरिकों को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 08:18 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कई राज्यों में लोगों से कथित तौर पर 50 लाख रुपये की ठगी के मामले में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े दो अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला बनकर ऑनलाइन मंचों पर भारतीय लोगों से दोस्ती करते थे और उनसे भावनात्मक संबंध बनाते थे। बाद में वे भारत यात्रा का दावा करते और हवाई अड्डों पर हिरासत में लिए जाने या आव्रजन संबंधी समस्याओं का सामना करने की झूठी कहानियां गढ़ते, और इससे बचने के लिए लोगों से पैसों की मांग करते।

पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कई शिकायतों से जुड़े संदिग्ध ‘म्यूल’ (ऐसे खाते जिन्हें कमीशन पर दिया जाता है) बैंक खातों की निरंतर निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सत्यापन के बाद गिरफ्तारियां की गईं।

पुलिस के अनुसार, विभिन्न राज्यों से प्राप्त कम से कम 12 शिकायतों में 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी से हासिल की गयी धनराशि का पता आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए कई बैंक खातों से चला।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ये खाते विभिन्न बैंकों में अलग-अलग नामों से खोले गए थे और इनका इस्तेमाल पीड़ितों से धोखाधड़ी से प्राप्त पैसे को प्राप्त करने के लिए किया जाता था।’’

जांच के दौरान आरोपियों से छह मोबाइल फोन और दो पासपोर्ट जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि इन उपकरणों में आपत्तिजनक चैट, ‘म्यूल’ बैंक खातों का विवरण और पीड़ितों के साथ हुई बातचीत के साथ-साथ हवाई अड्डों से संबंधित फर्जी तस्वीरें भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल पीड़ितों को गुमराह करने के लिए किया गया था।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने का भी संदेह है और उनसे इस संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भाषा

नोमान नोमान रवि कांत

ताजा खबर