बंगाल : अस्पताल में चिकित्सकों पर हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार
बंगाल : अस्पताल में चिकित्सकों पर हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार
कल्याणी (पश्चिम बंगाल) 17 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक अस्पताल में चिकित्सकों पर हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वहीं, कथित हमले से आक्रोशित जूनियर चिकित्सकों ने अस्पताल में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की और विरोध स्वरूप मंगलवार से काम नहीं करने की घोषणा की।
पुलिस ने कहा कि घटना सोमवार रात को कल्याणी में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में हुई।
पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को रात करीब साढ़े 10 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद घायल व्यक्ति के परिवार और इलाज के दौरान उसे देख रहे चिकित्सकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद घायल व्यक्ति के 10-15 रिश्तेदारों ने ड्यूटी पर मौजूद दो चिकित्सकों पर हमला कर दिया। दोनों चिकित्सकों को मामूली चोट आई हैं।
पुलिस ने कहा कि घटना के बारे में सूचना मिलने के बाद वह घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को काबू किया।
पुलिस ने कहा कि इसके बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जूनियर चिकित्सकों के एक प्रतिनिधि ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इलाज शुरू किया गया था, और बहते हुए रक्त को नियंत्रित करने की कोशिश की गई थी।
जूनियर चिकित्सकों ने घटना का विरोध करते हुए अस्पताल में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की और मंगलवार से काम नहीं करने की घोषणा की।
प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘ मरीज के रिश्तेदारों ने अचानक हम पर हमला कर दिया। अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा की कमी है। हम तब तक ड्यूटी पर नहीं लौटेंगे जब तक हमारी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती।’’
जूनियर चिकित्सकों के संगठन ने अस्पताल प्रशासन को एक पत्र भेजा है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि यदि उचित सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो हड़ताल जारी रहेगी।
इस बीच, मरीज के परिवार ने चिकित्सकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
अस्पताल के अधीक्षक अतनु बिस्वास ने कहा कि दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं और एक जांच समिति बनाई जाएगी ताकि तथ्यों का पता लगाया जा सके।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता अस्पताल में सामान्य स्थिति बहाल करना है।’’
भाषा जोहेब धीरज
धीरज

Facebook


