पटियाला में गैर-कानूनी तरीके से प्रसवपूर्व लिंग जांच करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
पटियाला में गैर-कानूनी तरीके से प्रसवपूर्व लिंग जांच करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
पटियाला, 14 जून (भाषा) पंजाब के पटियाला में गैर-कानूनी तरीके से प्रसव पूर्व लिंग की जांच करने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई मॉडल टाउन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. लवकेश कुमार की शिकायत पर की गई।
भारतीय न्याय संहिता, गर्भाधान पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम और गर्भावस्था का चिकित्सीय समापन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान न्यू ग्रीन पार्क कॉलोनी के रहने वाले जरनैल सिंह और पटियाला के चुओरा गांव की रहने वाली मीना रानी के तौर पर हुई है।
सिविल सर्जन डॉ. कुशलदीप कौर गिल ने बताया कि अवैध प्रसवपूर्व लिंग जांच गतिविधियों की विश्वसनीय और ठोस सूचना मिलने के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि गर्भाधान पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया और फर्जी ग्राहक के माध्यम से अभियान चलाने के बाद शहर में एक मिठाई की दुकान के पास छापेमारी की।
अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, गर्भपात (एमटीपी) किट, तीन मोबाइल फोन, एक कार तथा अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए।
अधिकारियों ने बताया कि इस वाहन का इस्तेमाल अवैध रूप से भ्रूण का लिंग पता लगाने के लिए मोबाइल पीसीपीएनडीटी केंद्र के रूप में किया जा रहा था।
गिल ने बताया कि मीना रानी पहले भी वर्ष 2024 में इसी तरह के एक मामले में पकड़ी गई थी और उस समय वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सहायक नर्स एवं दाई (एएनएम) के रूप में कार्यरत थी।
उन्होंने बताया कि विभागीय कार्रवाई के बाद मीना को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना

Facebook


