मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक वीडियो’ पोस्ट करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक वीडियो’ पोस्ट करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
कोलकाता, 14 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ वीडियो पोस्ट करने के आरोप में कूचबिहार जिले के दिनहाटा से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में ‘‘मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा’’ के इस्तेमाल की शिकायतों के बाद बुधवार को दोनों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा कि दिनहाटा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद दोनों को दिनहाटा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया से संबंधित ‘कंटेंट क्रिएटर’ हैं, जिन्होंने विवादास्पद वीडियो पोस्ट किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायतों और प्रारंभिक सत्यापन के आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।’’
इस बीच, पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक बयान में कहा कि किसी भी व्यक्ति को ऐसी कोई सामग्री सोशल मीडिया मंचों पर पोस्ट करने की अनुमति नहीं है जिसमें किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अभद्र भाषा हो या जिससे धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती हो।
इन मानदंडों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


