उपराष्ट्रपति के काफिले की ओर तेज रफ्तार में बाइक चलाने के आरोप में दो गिरफ्तार

उपराष्ट्रपति के काफिले की ओर तेज रफ्तार में बाइक चलाने के आरोप में दो गिरफ्तार

उपराष्ट्रपति के काफिले की ओर तेज रफ्तार में बाइक चलाने के आरोप में दो गिरफ्तार
Modified Date: September 28, 2026 / 03:07 pm IST
Published Date: September 28, 2026 3:07 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 28 सितंबर (भाषा) कोवलम जंक्शन पर यहां उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन के काफिले की ओर लापरवाही से और तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम करीब छह बजकर 15 मिनट पर उस समय हुई जब उपराष्ट्रपति बलरामपुरम में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस हवाई अड्डा लौट रहे थे।

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए केरलम के दौरे पर थे।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान वल्लकादवू निवासी अशकर (28) और वलियाथुरा निवासी नादिरशा (28) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। वे लोगों की जान को खतरे में डालते हुए उपराष्ट्रपति के काफिले की तरफ लापरवाही और अत्यधिक तेज गति से अपनी मोटरसाइकिल चला रहे थे।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल को काफिले के पास आते देख वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दोनों को रोक लिया और बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

प्राथमिकी के मुताबिक, जिस मोटरसाइकिल पर आरोपी सवार थे, उसका बीमा भी खत्म हो चुका था। इसके अलावा आरोपियों पर किसी लोक सेवक द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का उल्लंघन करने का भी आरोप है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में