कोलकाता हत्याकांड में ओडिशा में दो गिरफ्तार

कोलकाता हत्याकांड में ओडिशा में दो गिरफ्तार

कोलकाता हत्याकांड में ओडिशा में दो गिरफ्तार
Modified Date: October 29, 2025 / 05:32 pm IST
Published Date: October 29, 2025 5:32 pm IST

कोलकाता, 29 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता पुलिस ने बुधवार को महानगर के एक होटल में एक युवक की हत्या में कथित संलिप्तता के लिए पड़ोसी राज्य ओडिशा से दो लोगों को गिरफ्तार किया।

शशिकांत बेहरा और संतोष बेहरा नाम के दो आरोपियों को संबलपुर से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा, ‘हम हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है।’ उन्होंने आगे बताया कि उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया जाएगा।

पिछले हफ्ते, कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में एक होटल के कमरे के स्टोरेज कम्पार्टमेंट में राहुल लाल नाम के एक व्यक्ति का शव मिला था।

शुरुआती जांच से पता चला है कि उसकी हत्या चादर से गला घोंटकर की गई थी।

मृतक के आधार कार्ड और मोबाइल फोन नंबर से मिले सुरागों के आधार पर जांचकर्ताओं ने हत्या का संबंध संबलपुर से जोड़ा।

उन्होंने बताया कि लाल का आपराधिक इतिहास रहा है और उसे पहले भी चोरी और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

उन्होंने कहा, ‘पार्क स्ट्रीट पुलिस थाने में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। वह कथित तौर पर भारी मुनाफे के लिए अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को चोरी का सामान जिसमें प्राचीन वस्तुएं भी शामिल थीं, बेचने में शामिल था।’

पुलिस को संदेह है कि लाल ने हाल ही में एक कीमती चोरी की कलाकृति हासिल की थी और उसे बेचने के लिए ओडिशा स्थित एक तस्करी गिरोह के सदस्यों के साथ एक बैठक की व्यवस्था की थी।

उन्होंने आगे कहा, ‘उस बैठक के लिए होटल का कमरा बुक किया गया था। जांचकर्ताओं को संदेह है कि उसकी हत्या कर दी गई है और कलाकृति चुरा ली गई। वस्तु का पता लगाने और अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए तलाश जारी है।’

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में