भारत ने दो महीनों में बांग्लादेश को 500 टन हिल्सा मछली का किया निर्यात: मत्स्य व्यापारी
भारत ने दो महीनों में बांग्लादेश को 500 टन हिल्सा मछली का किया निर्यात: मत्स्य व्यापारी
कोलकाता, 13 सितंबर (भाषा) भारत ने पिछले दो महीनों में बांग्लादेश को लगभग 500 टन हिल्सा मछली का निर्यात किया है, जो दोनों पड़ोसी देशों के बीच इस पसंदीदा मछली के पारंपरिक व्यापारिक प्रवाह में एक बड़े उलटफेर को दर्शाता है। मत्स्य व्यापारियों ने यह जानकारी दी।
व्यापारियों ने बताया कि अगले कुछ हफ्तों में भारत से बांग्लादेश को और 150 से 200 टन हिल्सा मछली निर्यात किए जाने की संभावना है।
दरअसल, इस साल बांग्लादेश में हिल्सा मछली का उत्पादन काफी कम हुआ है। इसी कमी के कारण वहां के मछली व्यापारियों को अपने देश की मांग पूरी करने के लिए भारत से मछली मंगवानी पड़ रही है।
व्यापारियों ने बताया कि निर्यात की जाने वाली खेप मुख्य रूप से गुजरात से जुटाई गई है और इसे भरूच बंदरगाह के जरिए भेजा गया है, जबकि कुछ आपूर्ति पश्चिम बंगाल के हावड़ा थोक मछली बाजार के माध्यम से की गई है।
‘हावड़ा होलसेल फिश इंपोर्टर्स एसोसिएशन’ के सचिव सैयद अनवर मक्सूद ने बताया,‘‘बांग्लादेश पहली बार भारत से हिल्सा मछली मंगवा रहा है। आमतौर पर हम बांग्लादेश को बोआल, रोहू, पारसे और टेंगरा जैसी मछलियां भेजते हैं, लेकिन इस साल वहां हिल्सा की भारी कमी हो गई है।’’
सचिव ने बताया, ‘‘पिछले दो महीनों में लगभग 500 टन मछली का निर्यात किया जा चुका है और आने वाले हफ्तों में अन्य 150 से 200 टन मछली भेजे जाने की योजना है।’
भाषा सुमित राजकुमार
राजकुमार

Facebook


