राजस्थान से राज्यसभा के लिए भाजपा के दो और कांग्रेस का एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

Ads

राजस्थान से राज्यसभा के लिए भाजपा के दो और कांग्रेस का एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 04:16 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 04:16 PM IST

जयपुर, 11 जून (भाषा) राजस्थान से राज्यसभा के लिए तीन उम्मीदवार बृहस्पतिवार को निर्विरोध चुने गए। इनमें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो व कांग्रेस का एक उम्मीदवार है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। नामांकन वापस लेने की समयसीमा समाप्त होने के बाद कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा था।

निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा के सतीश पूनिया और अलका गुर्जर तथा कांग्रेस के नीरज डांगी को संसद के उच्च सदन के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि समाप्त होने और वैध रूप से नामित उम्मीदवारों की संख्या रिक्त सीटों के बराबर रहने के बाद तीनों उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित किया गया।

राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा था, क्योंकि कांग्रेस सांसद नीरज डांगी तथा भाजपा सांसद राजेंद्र गहलोत और रवनीत सिंह का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।

राजस्थान विधानसभा में इस सप्ताह हुई जांच के दौरान तीनों उम्मीदवारों द्वारा दाखिल किए गए सभी नौ नामांकन पत्र वैध पाए गए थे।

पूनिया और गुर्जर के निर्वाचित होने के साथ भाजपा ने तीन में से दो सीटें अपने खाते में दर्ज कीं, जबकि कांग्रेस ने डांगी के निर्वाचन के जरिए एक सीट बरकरार रखी।

राजस्थान से राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं, जिनमें से पांच-पांच सीटें भाजपा और कांग्रेस के पास हैं।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत रवि कांत