नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) शिखा यादव की अगुआई में भारत ने सोमवार को 2026 एशियाई खेलों के लिए 13 सदस्यीय सीनियर महिला रग्बी सेवन्स टीम की घोषणा की।
महिला रग्बी प्रतियोगिता एक से तीन अक्टूबर तक नागोया में आयोजित की जाएगी। भारत पूल बी में गत चैंपियन चीन, हांगकांग चीन और मलेशिया के साथ है।
भारत ने 2010 के ग्वांगझू एशियाई खेलों में महिला रग्बी सेवन्स में पदार्पण किया था, लेकिन 2014 और 2018 के आयोजनों में टीम हिस्सा नहीं ले सकी। हांगझोउ 2022 में वापसी करने वाली भारतीय टीम सातवें स्थान पर रही थी।
हांगझोउ खेलों की टीम की छह खिलाड़ी मौजूदा एशियाई खेल दल में भी शामिल हैं। इनमें कप्तान शिखा यादव, संध्या राय, मामा नाइक और डुमुनी मारंडी के अलावा कल्याणी पाटिल और वैष्णवी पाटिल शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम में निरंतरता बनी हुई है।
भारतीय टीम पिछले एक साल से नियमित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रही है। इस दौरान उसने लगातार दूसरे सत्र में एशिया रग्बी एमिरेट्स सेवन्स सीरीज में भी भाग लिया।
मुख्य कोच पॉल डेलपोर्ट ने कहा, “एशियाई खेल इस टीम के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर हैं और हम पूरे सत्र के दौरान इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयारी करते रहे हैं। हमें पता है कि हमें किस स्तर की प्रतिस्पर्धा का सामना करना होगा।’’
रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा, “ हांगझोउ 2022 से बनी निरंतरता उत्साहजनक है और नियमित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के जरिए टीम ने जो प्रगति की है, वह उसके विकास में महत्वपूर्ण रही है।”
भारतीय महिला रग्बी सेवन्स टीम:
शिखा यादव (कप्तान), डुमुनी मारंडी (उपकप्तान), अमनदीप कौर, आरती कुमारी, भूमिका शुक्ला, वैष्णवी पाटिल, गुरिया कुमारी, कल्याणी पाटिल, मामा नाइक, निर्मल्या राउत, संध्या राय, संध्यारानी टुडू और उज्ज्वला घुगे।
भाषा आनन्द पंत
पंत